कागलनगर में गंदगी का अंबार, सफाई की मांग पर विधायक सरयू राय ने नगर आयुक्त को भेजी तस्वीर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर। सोनारी के कागलनगर इलाके में सड़क किनारे जमा कचरे और गंदगी को लेकर स्थानीय निवासी ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से शिकायत की है। एमपी रोड नंबर-2 निवासी कृष्णा कुमार साहू ने वाट्सऐप के माध्यम से विधायक को तस्वीरें भेजकर इलाके की नियमित सफाई कराने की मांग की।

कृष्णा कुमार साहू का आरोप है कि वह पिछले करीब छह वर्षों से जेएनएसी में कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनका कहना है कि उनके घर के सामने कचरा उठाने वाली गाड़ी रोज आती है, लेकिन आसपास के कुछ लोग उसमें कचरा डालने के बजाय सड़क किनारे ही फेंक देते हैं। इससे इलाके में गंदगी का ढेर लग गया है और दुर्गंध की समस्या बनी रहती है।

उन्होंने जेएनएसी से इलाके की नियमित और स्थायी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि सड़क किनारे कचरा जमा न हो।

शिकायत मिलने के बाद विधायक सरयू राय ने कृष्णा कुमार साहू से फोन पर बात की। उन्होंने बताया कि गंदगी की तस्वीरें जेएनएसी के नगर आयुक्त को भेज दी गई हैं और कचरा निष्पादन की निरंतर एवं स्थायी व्यवस्था करने का आग्रह किया गया है।

सरयू राय ने बताया कि बीते 8 जुलाई को उनकी पहल पर उपायुक्त ने जेएनएसी, मानगो नगर निगम के नगर आयुक्तों और टाटा स्टील यूआईएसएल (जुस्को) के महाप्रबंधक के साथ बैठक की थी। बैठक में शहर के विभिन्न इलाकों में कचरा निष्पादन की प्रभावी व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई थी और इस दिशा में सहमति भी बनी थी।

विधायक ने कहा कि बैठक में बनी सहमति को धरातल पर लागू कराने के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि कागलनगर समेत अन्य प्रभावित इलाकों में स्थायी सफाई व्यवस्था जल्द प्रभावी होगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें