Saraikela : चांडिल प्रखंड में ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
विधायक सविता महतो ने बताया कि बानसा-रेयारदा पथ के लपाईबेड़ा से गुटीउली देवरागोड़ा तक 2.8 किलोमीटर सड़क का निर्माण 2 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। वहीं, एनएच-33 से हुमीद गांव तक 1.47 किलोमीटर सड़क का निर्माण 84 लाख रुपये की लागत से होगा। दोनों योजनाओं पर कुल 3 करोड़ 33 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांवों के विकास को नई गति प्राप्त होगी। सड़क निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच भी आसान बनेगी। विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं संवेदक को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इस मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओमप्रकाश लायेक, काबलु महतो, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, शंकर लायेक, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, पशुपति महतो, लंबोदर महतो, भादूडीह पंचायत के मुखिया बुद्धेश्वर बेसरा, अरुण टुडू, राहुल वर्मा, कुनाराम मांझी, सुखलाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

इसी क्रम में विधायक सविता महतो ने चांडिल प्रखंड के चौका पंचायत भवन के समीप विधायक योजना से निर्मित क्रांतिकारी वीरांगना फूलों-झानो मूर्ति स्थल के सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन भी किया। उन्होंने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर परियोजना का लोकार्पण किया तथा फूलों-झानो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधायक ने बताया कि इस सौंदर्यीकरण कार्य पर 4 लाख 69 हजार 700 रुपये की लागत आई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम एवं आदिवासी समाज की वीरांगनाओं की स्मृति को संरक्षित करना समाज के लिए गर्व की बात है।










