कपाली नगर परिषद क्षेत्र में 3 करोड़ की 23 योजनाओं का विधायक सविता महतो ने किया शिलान्यास

SHARE:

Adityapur  : कपाली नगर परिषद क्षेत्र के 21 वार्डों में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 23 विकास योजनाओं का शिलान्यास शनिवार को विधायक सविता महतो ने विधिवत शिलापट्ट अनावरण और नारियल फोड़कर किया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक सविता महतो ने बताया कि इन योजनाओं के तहत पीसीसी सड़क, पक्की नाली, स्ट्रीट लाइट तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर का सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से कपाली क्षेत्र के निवासियों को सीधे तौर पर राहत और सुविधा मिलेगी।

विधायक ने संवेदक को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का कार्य गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कपाली क्षेत्र में वर्षों से लंबित सड़क और नाली से जुड़ी समस्याओं को दूर करना उनकी प्राथमिकता रही है। साथ ही आश्वासन दिया कि नगर परिषद के बाकी वार्डों में भी विकास कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।

उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सरकार की विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।

इस अवसर पर कपाली नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपी कृष्णा, सिटी मैनेजर शकील अनवर मेहंदी और क्रिस्टीना कच्छप, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, मोहम्मद अरशद, शेख फरीद, मोहम्मद नबी आलम, बुद्धेश्वर महतो, नगर अध्यक्ष सलाउद्दीन, कांग्रेस के 15 सूत्री सदस्य मोहम्मद मोहसिन आलम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment