जमशेदपुर में आमबागान मैदान की दयनीय स्थिति पर सरयू राय चिंतित, उपायुक्त को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने शनिवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखकर नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आमबागान मैदान की बिगड़ती स्थिति पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर मैदान को अवैध गतिविधियों से मुक्त कराने और इसे नेताजी के स्मृति स्थल के रूप में विकसित करने का आग्रह किया है।

अपने पत्र में सरयू राय ने लिखा कि निरीक्षण के दौरान उन्हें यह देखकर गहरा आश्चर्य हुआ कि साकची स्थित यह ऐतिहासिक मैदान पूरी तरह अवैध पार्किंग, अनधिकृत गैरेज और अस्थायी बस्तियों में बदल चुका है। कार, बस और अन्य वाहनों की पार्किंग के साथ-साथ घुमन्तु लोगों द्वारा प्लास्टिक की झोपड़ियाँ खड़ी कर दी गई हैं। मैदान के अंदर अवैध दुकानें भी खुल चुकी हैं और एक कोने में कश्मीरी उलैन मेला लगा हुआ है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति न केवल मैदान की उपयोगिता को नष्ट कर रही है, बल्कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा और स्मृति स्थल के लिए भी चुनौती खड़ी कर रही है।

सरयू राय ने अपने पत्र में बताया कि 2014 से 2019 के बीच उनके पिछले कार्यकाल में टाटा स्टील की इकाई जुस्को द्वारा मैदान की घेराबंदी और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन किसी कारणवश वह अधूरा रह गया। बंगाल क्लब और नेताजी सुभाष परिषद सहित कई संगठनों की मांग पर मैदान का नाम नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आमबागान मैदान रखने की प्रक्रिया भी उसी समय शुरू की गई थी।

वर्तमान में विधायक निधि से नेताजी की प्रतिमा पर छतरी लगाने, घेराबंदी, सौंदर्यीकरण और महान स्वतंत्रता अभियान का रूट चार्ट अंकित करने का कार्य जारी है। राय ने कहा कि यह स्थान नेताजी के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं का साक्षी है और इसे एक स्मृति स्थल के रूप में विकसित किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया कि जिला प्रशासन, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति और टाटा स्टील लिमिटेड के समन्वय से मैदान के सौंदर्यीकरण और संरक्षण की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाए तथा अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए।

निरीक्षण के दौरान कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे, जिनमें राजा चौधरी, भागवत मुखर्जी, सोमियो सेन, सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, परमिंदर सिंह पन्नू, दुर्गा राव, अमृता मिश्रा सहित अनेक लोग शामिल थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें