Chandil : चांडिल प्रखंड क्षेत्र के चौलीबासा पंचायत अंतर्गत बड़ामटांड के ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या से राहत मिली है। विधायक सविता महतो ने 100 केवीए क्षमता वाले नए ट्रांसफार्मर का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। ट्रांसफार्मर लगने के बाद क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व आकाशीय बिजली गिरने से बड़ामटांड में लगा ट्रांसफार्मर जल गया था। इसके कारण बड़ामटांड सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई थी। कई दिनों तक बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हुईं।
ग्रामीणों ने बिजली संकट की जानकारी विधायक सविता महतो को दी। इसके बाद विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर जल्द नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की पहल की। विभाग की ओर से 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद विधायक ने मौके पर पहुंचकर उसका उद्घाटन किया।
मूलभूत सुविधा बेहतर करना प्राथमिकता : सविता महतो
विधायक सविता महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली जैसी मूलभूत सुविधा को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में ग्रामीणों को लंबे समय तक परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
नया ट्रांसफार्मर लगने और बिजली आपूर्ति बहाल होने पर ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली संकट दूर होने से उन्हें काफी राहत मिली है।
इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, समर भुईयां, श्रीकांत महतो, शिबू महतो, मनोज दास, प्रशांत सिन्हा, अनुपम गुप्ता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
















