Jamshedpur : छोटागोविंदपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल स्कूल परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक समिति की ओर से आयोजित समारोह में लौह पुरुष सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। करीब छह लाख रुपये की लागत से विधायक मंगल कालिंदी की विधायक निधि से प्रतिमा का निर्माण कराया गया है।
प्रतिमा का अनावरण जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व उपायुक्त गणेश कुमार, समिति संयोजक रामाश्रय प्रसाद, जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह, विजय यादव सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में विधिवत किया गया। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को नमन किया।
इस अवसर पर विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल आधुनिक भारत की एकता और अखंडता के शिल्पी थे। उन्होंने देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर राष्ट्र को मजबूत आधार प्रदान किया। विधायक निधि से प्रतिमा स्थापित करने का उद्देश्य नई पीढ़ी और विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में स्थापित यह प्रतिमा विद्यार्थियों को सदैव देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देती रहेगी।
समारोह के संयोजक रामाश्रय प्रसाद ने सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक समिति एवं क्षेत्रवासियों की ओर से विधायक मंगल कालिंदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक ने समिति और समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए विधायक निधि से प्रतिमा का निर्माण कराकर सराहनीय एवं ऐतिहासिक कार्य किया है। इससे छोटागोविंदपुर सहित पूरे क्षेत्र में गौरव और उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम में डॉ. परितोष सिंह, विजय यादव और धर्मेंद्र प्रसाद ने भी सरदार पटेल के जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए प्रतिमा स्थापना की पहल की सराहना की। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी, समिति के सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन आयोजन समिति के सदस्यों ने किया।

















