सारंडा के जंगलों में अवैध शराब भट्ठियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, कई भट्ठियां ध्वस्त

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : सारंडा के घने जंगलों में अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ किरीबुरू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। नशा मुक्त अभियान के तहत थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टाटिबा गांव के समीप जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्रों में छापेमारी कर 2 से 3 अवैध भट्ठियों को नष्ट किया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर गठित टीम ने सघन अभियान चलाकर कई स्थानों पर संचालित भट्ठियों का पता लगाया। छापेमारी के दौरान प्लास्टिक ड्रमों में तैयार किए जा रहे जावा महुआ को नष्ट कर दिया गया तथा शराब निर्माण में उपयोग होने वाले ड्रम, बर्तन, चूल्हे और अन्य उपकरणों को भी ध्वस्त कर दिया गया।

पुलिस की अचानक कार्रवाई से शराब कारोबारी मौके से फरार हो गए, हालांकि अपना सामान नहीं बचा सके। पुलिस का दावा है कि कारोबारियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भट्ठियों के आसपास बड़ी मात्रा में जमा लकड़ियां भी बरामद कीं, जिनका उपयोग शराब बनाने में किया जा रहा था। इन्हें भी नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब निर्माण न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सारंडा के वन क्षेत्र और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा है।

ग्रामीणों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अवैध शराब का कारोबार युवाओं को नशे की ओर धकेल रहा था और सामाजिक माहौल को प्रभावित कर रहा था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा मुक्त अभियान के तहत अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.