भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को राहत, एसपी ने बांटे कूलिंग जैकेट और पंखे

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Saraikela : भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां पुलिस ने विशेष पहल की है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को कूलिंग जैकेट वितरित किए। साथ ही जिले के विभिन्न थाना, ओपी, कार्यालय और पुलिस केंद्रों में पंखे एवं कूलर उपलब्ध कराए गए।

पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने यातायात थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महत्वपूर्ण यातायात पोस्टों पर तैनात तीन पुलिस पदाधिकारियों और तीन आरक्षियों को कुल छह कूलिंग जैकेट प्रदान किए। इन जैकेटों का उद्देश्य तेज धूप और उच्च तापमान के बीच लंबे समय तक सड़क पर ड्यूटी करने वाले कर्मियों को राहत पहुंचाना है।

इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न थाना, ओपी, कार्यालय और पुलिस केंद्रों में कार्यरत पुलिसकर्मियों के लिए कुल 80 उपकरण वितरित किए गए। इनमें 26 सीलिंग फैन, 45 स्टैंड फैन, 7 कूलर और 2 वॉल फैन शामिल हैं। इन संसाधनों से कार्यस्थलों पर बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

इस अवसर पर एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। भीषण गर्मी में भी वे घंटों सड़क पर खड़े होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

वहीं पुलिसकर्मियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि कूलिंग जैकेट और पंखे-कूलर मिलने से गर्मी के मौसम में ड्यूटी के दौरान काफी राहत मिलेगी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनका मनोबल भी बढ़ेगा।

पुलिस विभाग की इस पहल को पुलिसकर्मियों के कल्याण और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.