बच्चा चोरी की अफवाहों पर सख्त पुलिस, भीड़ हिंसा रोकने को जागरूकता अभियान तेज

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : Saraikela-Kharsawan जिले में हाल के दिनों में बच्चा चोरी की अफवाहों और भीड़ द्वारा संदिग्ध लोगों के साथ मारपीट की घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। नई पुलिस कप्तान ने पदभार संभालते ही इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए जिलेभर में जागरूकता अभियान शुरू कराया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना परिसरों और सार्वजनिक स्थानों पर बैनर लगाए जा रहे हैं, जिनमें स्पष्ट संदेश दिया गया है—“बच्चा चोर की अफवाह से सावधान, कानून अपने हाथ में न लें।” साथ ही लोगों को बताया जा रहा है कि शक के आधार पर किसी के साथ मारपीट करना गैरकानूनी है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध लगे तो उसके साथ हिंसा करने के बजाय तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। अधिकारियों के अनुसार, बच्चा चोरी की अधिकांश अफवाहें सोशल मीडिया और आपसी चर्चाओं के माध्यम से फैलती हैं, जिनकी कोई पुष्टि नहीं होती।

जिले के बाजार, हाट, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पोस्टर-बैनर लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। थाना प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में ग्रामीण और शहरी जनता को सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेना दंडनीय अपराध है। यदि कोई व्यक्ति मारपीट या अफवाह फैलाने में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे बढ़ाएं। सतर्कता और समझदारी से ही ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है। प्रशासन की इस पहल को जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.