Adityapur : उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग ने बुधवार को आदित्यपुर एवं नीमडीह थाना क्षेत्र के विभिन्न ईंट भट्टा इकाइयों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान अवैध खनिज उत्खनन एवं भंडारण के मामलों में विभाग ने सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
खनन विभाग की टीम ने आदित्यपुर थाना अंतर्गत मौजा कुलुपटांगा एवं आनंदपुर (बनडीह) स्थित ईंट भट्टा इकाइयों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो इकाइयां संचालित अवस्था में पाई गईं, जहां मिट्टी खनिज का उत्खनन और भंडारण किया गया था। वहीं कुलुपटांगा की एक ईंट भट्टा इकाई बंद मिली।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि संचालित पाई गई दोनों इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार नोटिस एवं मांगपत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, नीमडीह थाना क्षेत्र के मौजा सिरका स्थित ईंट भट्टा संचालक द्वारा राजस्व संबंधी आवश्यक दस्तावेज कार्यालय में प्रस्तुत किए गए।
उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।










