सरायकेला-खरसावां में नजरी नक्शा सर्वे अभियान तेज, 22 मई से घर-घर पूछे जाएंगे 34 सवाल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले में नजरी नक्शा (नक्शांकन) तैयार करने को लेकर विशेष सर्वे अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। जिले के विभिन्न प्रखंडों और गांवों में शिक्षकों की टीम घर-घर जाकर सर्वे कार्य को अंजाम दे रही है। प्रशासन द्वारा इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए जिले के तमाम शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो पूरी गंभीरता और मुस्तैदी के साथ अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

सर्वे अभियान के तहत सबसे पहले उत्तर दिशा से दक्षिण दिशा की ओर घरों की गिनती और नंबरिंग की जा रही है। शिक्षक निर्धारित क्रम में घरों को चिन्हित करते हुए संबंधित क्षेत्रों का नजरी नक्शा तैयार कर रहे हैं। इससे गांव और मोहल्लों का व्यवस्थित भौगोलिक ढांचा तैयार किया जा सकेगा, जो भविष्य की योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में उपयोगी साबित होगा।

प्रारंभिक चरण में नक्शांकन और घरों की नंबरिंग का कार्य पूरा किया जा रहा है। इसके बाद आगामी 22 मई से मुख्य डिजिटल सर्वे शुरू होगा। इस दौरान शिक्षकों की टीम प्रत्येक घर के मुखिया और सदस्यों से विस्तृत जानकारी जुटाएगी। बताया गया है कि सर्वे के दौरान कुल 34 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और अन्य जरूरी जानकारियां शामिल होंगी।

इस अभियान की खास बात इसकी आधुनिक तकनीकी व्यवस्था है। प्रत्येक घर की नंबरिंग के साथ उसकी जियो-टैगिंग भी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या डुप्लीकेसी की संभावना न रहे। सर्वे से जुड़ी सभी जानकारियां डिजिटल माध्यम से ऑनलाइन सबमिट की जा रही हैं। जिला प्रशासन और उच्च अधिकारी भी इस पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

प्रशासन का मानना है कि यह डिजिटल सर्वे और नजरी नक्शांकन भविष्य में विकास योजनाओं, जनगणना और सरकारी सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.