Saraikela : सरायकेला क्षेत्र में उच्च माध्यमिक शिक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को मांग पत्र सौंपकर क्षेत्र में झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) से संबद्ध +2 विद्यालय खोलने की मांग की है।
उन्होंने मांग की है कि बालक मध्य विद्यालय, राजबांध तथा राजकीय कन्या विद्यालय, पुराना बस स्टैंड को चरणबद्ध तरीके से अपग्रेड कर प्लस टू विद्यालय के रूप में विकसित किया जाए, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट स्तर की पढ़ाई के लिए बाहर न जाना पड़े।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सरायकेला जैसे ऐतिहासिक और तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में आज भी पर्याप्त +2 विद्यालयों का अभाव है, जिससे हजारों छात्र-छात्राओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कई बार संसाधनों की कमी और दूरी के कारण प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं बीच में ही पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। स्थानीय स्तर पर प्लस टू विद्यालय खुलने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित और सुलभ शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
मनोज कुमार चौधरी ने जिला प्रशासन से इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग सकारात्मक निर्णय लेगा।











