सरायकेला-खरसावां में नगर निकाय चुनाव को लेकर सुरक्षा बैठक, एसपी ने दिए सख्त निर्देश

SHARE:

Adityapur:सरायकेला-खरसावां जिले में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए गुरुवार को अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने की। इसमें आदित्यपुर थाना, कपाली ओपी और आरआईटी थाना के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान एसपी ने चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, मतदान केंद्रों पर भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर प्रवेश और निकास मार्ग की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।
एसपी लुनायत ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, गश्ती दलों की सक्रियता और चेकपोस्ट पर सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया।
बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र भ्रमण कर विभिन्न मतदान केंद्रों और चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिले में चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Comment