जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई वारदात से पहले ही सात आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:पूर्वी सिंहभूम जिले में जमशेदपुर पुलिस ने संभावित आपराधिक वारदात को समय रहते विफल करते हुए सात आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी पीयूष पांडे के निर्देश और सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में की गई।
गुरुवार देर रात गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित सबिना कॉलोनी में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक आपराधिक घटना की साजिश रच रहे हैं। टीम ने मौके पर दबिश दी तो आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने खदेड़कर सभी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली डांगुडीह निवासी 26 वर्षीय मो. जीशान उर्फ जीशु, बिष्टूपुर धतकीडीह ए ब्लॉक के 25 वर्षीय शेख नुमान, धतकीडीह न्यू डीएस फ्लैट के 23 वर्षीय शेख फैज, गोलमुरी मुस्लिम बस्ती के 25 वर्षीय मो. चांद शेख, गोलमुरी हिंदू लाइन के 20 वर्षीय शुभम कोहली उर्फ अनमोल कोहरी, 20 वर्षीय मो. जुनैद रजा और सबिना कॉलोनी के 32 वर्षीय परवेज आलम शामिल हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो वाहन, चापड़, भुजाली, चाकू और 22,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपियों की मंशा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और संभावित आपराधिक योजना की विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शहर में संभावित बड़ी घटना टल गई है और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.