अमलगम कंपनी पर प्रदूषण का आरोप, जिप अध्यक्ष ने NGT को लिखा पत्र, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

SHARE:

Saraikela : सरायकेला प्रखंड अंतर्गत रापचा पंचायत के बांकीपुर गांव में संचालित अमलगम कंपनी पर प्रदूषण फैलाने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। शिकायत मिलने पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कंपनी परिसर के आसपास बसे गांवों में धूल, धुआं और अपशिष्ट के कारण वातावरण प्रदूषित हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस प्रदूषण के चलते सांस से जुड़ी बीमारियां, त्वचा रोग और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी की स्थापना के समय रोजगार के वादे के साथ उन्होंने अपनी जमीन दी थी, लेकिन अब वही कंपनी उनके लिए परेशानी का कारण बन गई है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) को पत्र लिखकर कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि एक माह बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई है।


सोनाराम बोदरा ने साफ कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो कांड्रा पंचायत में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

इधर, ग्रामीणों ने भी प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर प्रदूषण पर रोक लगाने और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment