सरायकेला पुलिस का ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ शुरू, खोए मोबाइल लौटाने के साथ मिसिंग बच्चों पर खास फोकस

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर थाना स्तर पर ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया जा रहा है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अभियान में सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद ली जा रही है, जिसके जरिए मोबाइल फोन को ट्रैक कर रिकवर किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई एकबारगी कैंप नहीं, बल्कि सतत प्रक्रिया है, ताकि लोगों को लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।

उन्होंने जानकारी दी कि अब तक थाना स्तर पर 7-8 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। आगे भी हर महीने जैसे-जैसे मोबाइल रिकवर होंगे, उन्हें संबंधित मालिकों को सौंप दिया जाएगा। मई माह में कुल कितने मोबाइल बरामद हुए, इसकी जानकारी महीने के अंत में क्राइम मीटिंग के दौरान साझा की जाएगी।

मोबाइल रिकवरी के साथ-साथ पुलिस द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों, खासकर महिलाओं और बच्चों के मामलों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हाई कोर्ट और पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार इन मामलों में निर्धारित एसओपी का सख्ती से पालन किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कई मामलों में 12 से 24 घंटे के भीतर ही बच्चों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया गया है। इसके लिए ‘प्रोजेक्ट ये मिला’ के तहत थाना स्तर पर सक्रिय रूप से कार्य किया जा रहा है।

पुलिस प्रशासन की इस पहल को आमजन के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे अपराध नियंत्रण और जनविश्वास दोनों को मजबूती मिलेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें