सुदीप सोनू के निधन के बाद साबुआ हांसदा शहादत दिवस का बदला स्वरूप, जनसभा समेत सभी कार्यक्रम स्थगित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : केरूकोचा हाट मैदान में वीर शहीद साबुआ हांसदा का शहादत दिवस इस वर्ष सादगीपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को मां रंकीनी फैमिली ढाबा, केरूकोचा में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्वी सिंहभूम जिला झामुमो अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने की।

बैठक की शुरुआत झारखंड सरकार के दिवंगत शिक्षामंत्री सुदीप कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। कार्यकर्ताओं ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

जनसभा सहित सभी कार्यक्रम स्थगित

बैठक में निर्णय लिया गया कि मंत्री सुदीप कुमार सोनू के निधन को देखते हुए शहादत दिवस के कार्यक्रम को सादगी के साथ आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रस्तावित जनसभा सहित अन्य सभी सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री दीपक बिरुआ तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, पोटका विधायक संजीव सरदार, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी और स्थानीय विधायक समीर मोहंती के उपस्थित रहने की बात कही गई है।

पारंपरिक पूजा से होगी शुरुआत

आयोजन की शुरुआत सुबह 10 बजे पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे नया ग्राम स्थित शहीद स्थल पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद बामनडीह शहीद बेदी पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शहीद परिवार से मुलाकात का कार्यक्रम होगा।

इसके बाद गलवान घाटी के शहीद गणेश हांसदा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम चरण में केरूकोचा चौक स्थित वीर शहीद साबुआ हांसदा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा और इसके साथ श्रद्धांजलि कार्यक्रम का समापन होगा।

बैठक में झामुमो नेता सह प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, सचिव बलराम महतो, समीर दास, बाबूलाल मंडी, अमर हांसदा, सनत घोष, डोमन मंडी, मुखिया फूलमनी मुर्मू, सरकार हेंब्रम, मिथुन कर, सिद्धो हांसदा, अजीत गोप, बलराम गिरी, चंडी चरण महतो समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें