सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी से हादसे का खतरा बढ़ा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jadugora : जादूगोड़ा के स्थानीय बाजार गेट के समीप मुख्य सड़क पर सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी लोगों के लिए लगातार खतरा बनती जा रही है। सड़क पर बनी ज़ेबरा क्रॉसिंग लगभग पूरी तरह मिट चुकी है, जबकि रिफ्लेक्टर और संकेतक लाइट की व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो यहां बड़ा हादसा हो सकता है।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नागरिकों के अनुसार बाजार गेट से मुख्य मार्ग पर आने-जाने वाले पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में काफी दिक्कत होती है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण लोग भय के बीच सड़क पार करने को मजबूर हैं। दूसरी ओर मुख्य सड़क से गुजरने वाले वाहन चालक भी मोड़ और बाजार गेट से निकल रहे लोगों को समय पर नहीं देख पाते, जिससे अचानक ब्रेक लगाने और दुर्घटना की स्थिति बन जाती है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों के तहत यहां स्पष्ट ज़ेबरा क्रॉसिंग, रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक, स्पीड लिमिट बोर्ड और ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था होनी चाहिए, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार गेट के समीप नई ज़ेबरा क्रॉसिंग बनाई जाए, सड़क पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएं तथा मोड़ और बाजार क्षेत्र में संकेतक लाइट व चेतावनी बोर्ड स्थापित किए जाएं। इसके अलावा वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर निर्माण की भी मांग उठाई गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े छोटे-छोटे इंतजाम कई बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं। ऐसे में प्रशासन को जनहित में शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.