मामूली मजाक बना जानलेवा हमला, युवक का गला रेतने की कोशिश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : किरीबुरू थाना क्षेत्र के मिलन चौक में एक मामूली मजाक ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। करूआ बस्ती निवासी कालू करूआ पर आरोप है कि उसने मिलन चौक निवासी चंद्रमोहन गोप (32) के गले पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सेल, किरीबुरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।

जानकारी के अनुसार घटना 16 मई की देर शाम की है। घायल चंद्रमोहन गोप ने बताया कि वह मजदूरी कर लौटने के बाद पास की दुकान पर सामान लेने गया था। वहां पहले से मौजूद कालू करूआ उससे बातचीत करने लगा। बताया जाता है कि आरोपी हाल ही में तमिलनाडु (चेन्नई) से लौटा था और तमिल भाषा में कुछ बोल रहा था। चंद्रमोहन ने इसे मजाक में लेते हुए उसी अंदाज में जवाब दिया, जिससे विवाद बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान अचानक कालू करूआ गुस्से में आ गया और अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर चंद्रमोहन के गले पर हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि युवक का गला आंशिक रूप से कट गया और घटनास्थल पर भारी मात्रा में खून बहने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल सेल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने त्वरित इलाज शुरू किया। चिकित्सकों की तत्परता से युवक की जान बच सकी।

घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल का बयान दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना के बाद फरार हो गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हमले में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी का प्रयास जारी है।

घटना के बाद मिलन चौक और करूआ बस्ती क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसक घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.