RANCHI : रिम्स जमीन घोटाले से जुड़े मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जिला अवर निबंधक और अंचल अधिकारी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। एसीबी ने यह कार्रवाई 17 नवंबर को एसीबी थाना कांड संख्या 01/2026 के तहत की।
एसीबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता, सदर रांची के मनोज कुमार रंजन, तत्कालीन जिला अवर निबंधक रांची के अविनाश कुमार, वैभवमणि त्रिपाठी और राहुल कुमार चौबे शामिल हैं।
इसके अलावा तत्कालीन अंचल अधिकारी, बड़गाईं अंचल के शैलेश कुमार और तत्कालीन अंचल अधिकारी, शहर अंचल के राजेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों की भूमिका से संबंधित साक्ष्य मिले हैं। आरोप है कि सभी ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत निजी आर्थिक लाभ के उद्देश्य से अपने पद का दुरुपयोग किया। ब्यूरो ने जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर छहों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रिम्स जमीन घोटाले से जुड़े इस मामले में एसीबी की जांच जारी है। ब्यूरो की ओर से मामले के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
















