Jamshedpur : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पिछड़ा प्रकोष्ठ, जमशेदपुर की ओर से सोमवार को साकची स्थित भगवान बिरसा मुंडा चौक पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं शहादत दिवस श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके संघर्षमय जीवन, त्याग और बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष किया तथा आदिवासी समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन आज भी समाज को अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजद के प्रदेश महासचिव योगेंद्र प्रसाद यादव, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष रमेश राय, छात्र प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष करण गोस्वामी, काशी प्रसाद, अभय गुप्ता, गिरधारी गोराई, समीर दास, रविश मुंडा, सुखदेव सिंह मल्लिक (जिला कांग्रेस महासचिव), दुबराज हेंब्रम, अनिल कालिंदी, मनोज गुप्ता तथा राजद पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।









