Ranchi : झारखण्ड की राजधानी रांची में विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पत्थरबाजी को लेकर सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस पर प्रदर्शन के दौरान सुनियोजित तरीके से हिंसा करने का आरोप लगाया है।
बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से पत्थरों के साथ तैयारी करके आए थे और उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं पर जमकर पथराव किया, जिससे कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना पहले से योजनाबद्ध थी और एफआईआर दर्ज कराने की रणनीति भी पहले से बनाई गई थी।
मरांडी ने कहा, “कांग्रेस के लोग पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने पहले से प्लान किया था कि पत्थर चलाएंगे, चोट लगेगी और किसी के एफआईआर करने से पहले खुद थाने पहुंचकर मामला दर्ज करा देंगे।”
उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “ये लोग पुराने पत्थरबाज हैं और जनता ने इन्हें देश में नकार दिया है।”
















