राजनगर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का DC ने किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela : राजनगर प्रखंड अंतर्गत किता स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, संसाधनों की उपलब्धता और व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

निरीक्षण में चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पंजी, दवा उपलब्धता, मरीजों को दी जा रही सुविधाएं, साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय व्यवस्था का भौतिक सत्यापन किया गया। उपायुक्त ने आमजनों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि सभी चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित रोस्टर के अनुसार उपस्थित रहें। साथ ही एमओआईसी एवं चिकित्सकों को प्रखंड क्षेत्र में स्थित सरकारी आवास में निवास करने और बिना अनुमति मुख्यालय से बाहर न जाने की हिदायत दी गई।

उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि बंद पड़े स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों को जल्द चालू किया जाए तथा जर्जर भवनों की मरम्मत कर सेवाओं को सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर नियमित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एमओआईसी, चिकित्सा पदाधिकारी और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने का भी निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी राजनगर मलय कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.