Jamshedpur : गोलमुरी सर्कस मैदान में आयोजित राजधानी सर्कस को लेकर सोमवार को सर्कस प्रबंधन ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। प्रबंधन ने बताया कि बीते शनिवार से राजधानी सर्कस आम जनता के लिए शुरू हो चुका है और पहले ही दिन से दर्शकों का उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है।
प्रबंधन के अनुसार, राजधानी सर्कस का आयोजन 16 अगस्त तक गोलमुरी सर्कस मैदान में किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन तीन शो आयोजित होंगे, जिनमें दर्शकों को रोमांच, मनोरंजन और हैरतअंगेज प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद मिलेगा। टिकट की कीमत 100, 150 और 200 रुपये निर्धारित की गई है, ताकि हर वर्ग के लोग सर्कस का आनंद उठा सकें।
सर्कस में असम, मिजोरम सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षित कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कलाकारों द्वारा हवा में रोमांचक स्टंट, संतुलन कला, हास्य प्रस्तुति और अन्य आकर्षक कार्यक्रम पेश किए जा रहे हैं, जो बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को रोमांचित कर रहे हैं। प्रबंधन का दावा है कि इस बार कई नए और आधुनिक कार्यक्रम भी शामिल किए गए हैं।
गौरतलब है कि शनिवार को राजधानी सर्कस का शुभारंभ समाजसेवी चंद्रगुप्त सिंह ने फीता काटकर किया था। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने पहले ही दिन दर्शकों का दिल जीत लिया और पूरे मैदान में तालियों की गूंज सुनाई दी।
सर्कस प्रबंधन ने बताया कि परिवारों और बच्चों में सर्कस के प्रति बढ़ते आकर्षण को देखते हुए इस बार जमशेदपुर में विशेष आयोजन किया गया है। उन्होंने शहरवासियों से अपने परिवार के साथ गोलमुरी सर्कस मैदान पहुंचकर राजधानी सर्कस के रोमांचक और मनोरंजक कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की। उद्घाटन के बाद से लगातार उमड़ रही दर्शकों की भीड़ आयोजन की लोकप्रियता को दर्शा रही है।








