राहुल बच्चा हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बिरसानगर से एसआईटी ने दबोचा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास 8 जुलाई की शाम हुए चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के नामजद मुख्य आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू (24) को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर एसआईटी ने 12 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब है कि 8 जुलाई की शाम राहुल बच्चा पर डंडे, पत्थर और लकड़ी से जानलेवा हमला किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई के बयान पर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।

इससे पहले पुलिस इस मामले में साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली बाबा तथा अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। मुख्य आरोपी विक्की सिंह की गिरफ्तारी को पुलिस जांच में अहम सफलता माना जा रहा है।

पूछताछ के दौरान विक्की सिंह ने हत्या की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। जांच में यह भी सामने आया है कि उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2022 में सिदगोड़ा थाना में चोरी एवं चोरी का माल रखने, वर्ष 2023 में मानगो थाना में सरकारी कार्य में बाधा, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं तथा वर्ष 2025 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत भी उसके विरुद्ध मामला दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.