झारखंड में 25 अगस्त तक रुक-रुक कर होगी बारिश, आठ जिलों में यलो-ऑरेंज अलर्ट जारी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

रांची। बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट पर सक्रिय निम्न दबाव का असर झारखंड के मौसम पर दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 25 अगस्त तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है। मंगलवार को दिनभर हुई झमाझम बारिश के बाद बुधवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे।

आठ जिलों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 21 और 22 अगस्त को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर और जमशेदपुर में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है। इन जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने के दौरान खुले में खड़े न रहने की अपील की है।

पश्चिमी सिंहभूम में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में झारखंड में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा में दर्ज की गई, जहां 36.6 मिमी पानी गिरा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। खासकर मध्य और दक्षिणी झारखंड में रुक-रुक कर बारिश जारी रहेगी।

अब तक 27% अधिक बारिश, साहिबगंज शीर्ष पर

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से अब तक झारखंड में 888.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य बारिश का औसत 700.5 मिमी है। यानी राज्य में अब तक 27% अधिक वर्षा हुई है।

साहिबगंज में सबसे ज्यादा 1094.2 मिमी बारिश दर्ज हुई है।

वहीं गढ़वा जिले में सबसे कम 375.6 मिमी बारिश हुई।

पिछले 24 घंटे में औसतन 16 मिमी बारिश पूरे राज्य में दर्ज की गई।


तापमान में बदलाव की संभावना नहीं

अगले पांच दिनों तक झारखंड में तापमान लगभग सामान्य रहेगा।

अधिकतम तापमान : 28 से 31 डिग्री सेल्सियस

न्यूनतम तापमान : 22 से 27 डिग्री सेल्सियस


उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान 30-31 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि रांची, खूंटी, गुमला और सिमडेगा में यह 27-29 डिग्री रहने का अनुमान है।

किन जिलों में होगी ठंडक और कहाँ उमस?

रामगढ़, लातेहार, लोहरदगा और गुमला : न्यूनतम तापमान 21-22 डिग्री, सुबह-रात हल्की ठंडक।

गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज : न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री, उमस का एहसास।


,

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.