राहुल सरकार ने अनूप जलोटा संग दी प्रस्तुति, 9001 कलाकारों संग बनेगा विश्व रिकॉर्ड

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भारत की सांस्कृतिक विविधता और संगीत की समृद्ध परंपरा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आगामी 31 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक नई दिल्ली में भारत गान महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक महोत्सव में देशभर से चयनित 9001 कलाकार एक साथ मंच साझा कर समूह गान की प्रस्तुति देंगे, जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

इस महोत्सव का आयोजन पंडित रविशंकर म्यूजिक फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है, जिसमें फोर्ब्स वर्ल्ड रिकॉर्ड सर्टिफिकेशन सर्विसेज यूके का सहयोग भी प्राप्त है। इस महोत्सव की सबसे ख़ास बात यह है कि जमशेदपुर के युवा गायक राहुल सरकार को भजन सम्राट अनूप जलोटा के साथ टाइटल सॉन्ग में सुर मिलाने का अवसर मिला है। यह गीत मुंबई स्थित अनूप जलोटा जी के आवास पर लॉन्च किया गया।

संगीत परियोजना में पद्मभूषण पंडित विश्व मोहन भट्ट, बांसुरी सम्राट पंडित रौनु मजूमदार, संतूर वादक पंडित तरुण भट्टाचार्य जैसे विश्वविख्यात संगीतज्ञों की भागीदारी भी इसे एक ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करती है। इस गीत की रिकॉर्डिंग मुंबई के प्रसिद्ध स्टूडियोज़ में की गई है। राहुल सरकार ने बताया कि यह आयोजन न सिर्फ भारतीय संगीत की गौरवपूर्ण विरासत को समर्पित है, बल्कि इसका उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करना है। उन्होंने कहा कि सुर, ताल और भाव के इस महासंगम से भारतीय संगीत का विश्वभर में डंका बजेगा।

इस अवसर पर झारखंड की प्रसिद्ध गजल गायिका काकुली सरकार को महोत्सव के लिए राज्य प्रमुख (स्टेट हेड) नियुक्त किया गया है। वे झारखंड के प्रतिभाशाली कलाकारों का नेतृत्व करेंगी और उन्हें इस ऐतिहासिक मंच से जोड़ने का कार्य करेंगी। राहुल सरकार की इस उपलब्धि से जमशेदपुर समेत पूरे राज्य में हर्ष का माहौल है। यह आयोजन देश के संगीत प्रेमियों के लिए एक अद्वितीय अनुभव और इतिहास रचने का अवसर होगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें