JAMSHEDPUR: दो दिवसीय आजसू युवा अधिवेशन के अंतिम दिन केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा कि युवा शक्ति झारखंड की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि आजसू युवाओं को केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि भविष्य का नेतृत्वकर्ता तैयार करेगी।
सुदेश महतो ने चमरिया गेस्ट हाउस स्थित शहादत स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित कर आत्ममंथन किया।
इसके बाद उन्होंने उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सुदेश महतो ने शहीद निर्मल महतो के परिजनों से मुलाकात भी की।
इसके बाद कदमा गणेश पूजा मैदान में आयोजित सभा को संबोधित किया।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के सुख में सरकार जनता और युवाओं की समस्याओं से दूर होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा और विकास के अवसर चाहिए।
सुदेश महतो ने कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने जिस झारखंड का सपना देखा था, उसमें युवाओं के सम्मान, रोजगार और बेहतर भविष्य की कल्पना थी।
आजसू युवाओं को संगठनकर्ता और नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार कर इस सपने को साकार करने का प्रयास करेगी।
रामचंद्र सहिस ने कहा कि युवाओं को नेतृत्व देकर विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर झारखंड बनाना आजसू का लक्ष्य है।
देवशरण भगत ने कहा कि युवा निर्मल महतो के विचारों और संघर्षों को आत्मसात कर बेहतर झारखंड के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
इस दौरान आंदोलनकारी झामुमो नेता कान्हू सामंत ने समर्थकों के साथ आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री लंबोदर महतो, संजय मेहता, चंद्रगुप्त सिंह, हरेलाल महतो समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अधिवेशन में हजारों की संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
















