Adityapur : आदित्यपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास बुधवार को पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से भी करीब आधे घंटे तक बातचीत की। मुलाकात के बाद रघुवर दास अपने आवास के लिए रवाना हो गए।
मीडिया से बातचीत में रघुवर दास ने हिमांशु सिंह हत्याकांड और जमशेदपुर में लगातार हो रही चापड़बाजी की घटनाओं को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शहर ही नहीं, पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। इसके विरोध में 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद रखा जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मांग की कि घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाए। उनका कहना था कि यदि पुलिस समय पर प्रभावी कार्रवाई करती, तो संभवतः इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।
रघुवर दास ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय केवल बालू, गिट्टी और आयरन ओर के कारोबार में व्यस्त है। उन्होंने राज्य सरकार को “विफल सरकार” बताते हुए कहा कि अपराधियों के बढ़ते मनोबल के कारण आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के साथ-साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की।
रघुवर दास के इस बयान के साथ हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। वहीं, 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद को लेकर प्रशासन की तैयारियों और विभिन्न संगठनों की प्रतिक्रिया पर भी सभी की नजरें टिकी हैं।









