Guwa : राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर टाटा स्टील की ओर से जोड़ा स्थित वैली क्लब प्रेक्षागृह में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन कर टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) नोवामुंडी और जोड़ा के चिकित्सकों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में चिकित्सकों के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में योगदान को सराहते हुए उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम तथा विशिष्ट अतिथि उपाध्यक्ष (रॉ मैटेरियल्स) संदीप कुमार थे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न डॉ. विधान चंद्र रॉय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
अपने संबोधन में डीबी सुंदर रामम ने कहा कि डॉक्टर समाज के सच्चे जीवनरक्षक हैं, जो हर परिस्थिति में निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का समर्पण, सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। विशिष्ट अतिथि संदीप कुमार ने भी डॉक्टरों के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में जीएम मेडिकल सर्विसेज डॉ. विनीता सिंह, जीएम ओएमक्यू देवाशीष जेना, सीएमओ ओएमक्यू डॉ. धीरेन्द्र कुमार सहित टीएमएच नोवामुंडी और जोड़ा के चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. उमंग भारद्वाज ने सभी को सुरक्षा संकल्प दिलाया, जबकि जुलाई माह को ‘एथिक्स माह’ के रूप में मनाए जाने के तहत निशिकांत सिंह ने नैतिकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. ए.एस. चटर्जी के स्वागत भाषण से हुई।
समारोह का प्रमुख आकर्षण रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा, जिसमें चिकित्सकों ने गीत, नृत्य, हास्य प्रस्तुति और नाटक के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से टीएमएच नोवामुंडी के चिकित्सकों द्वारा प्रस्तुत नाटक को दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के अंत में टीएमएच जोड़ा के प्रभारी डॉ. तापस सारंगी ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए सभी अतिथियों, चिकित्सकों और आयोजन से जुड़े सदस्यों का आभार व्यक्त किया। सम्मान समारोह चिकित्सकों की निस्वार्थ सेवा और उनके अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रेरणादायी अवसर साबित हुआ।









