महानवमी पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 251 कन्याओं का पूजन कर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : शारदीय नवरात्रि के पावन दिन, महानवमी के अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने भालूबासा स्थित शीतला माता मंदिर में सपरिवार कन्या पूजन किया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने धर्मपत्नी रुक्मणि देवी, सुपुत्र ललित दास, पुत्रवधू एवं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सहित परिवार के अन्य सदस्यों के संग मंदिर प्रांगण में हवन किया और मां दुर्गा की आरती के साथ शक्तिस्वरूपा कन्याओं का विधिपूर्वक पूजन किया। इस दौरान उन्होंने नौ कन्याओं के पांव पखारे, श्रृंगार कर चुनरी ओढ़ाई, घंटी बजाकर आरती उतारी और उनका आशीर्वाद लिया। भैरव बाबा की पूजा भी संपन्न की गई।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 251 कन्याओं को अपने हाथों से भोजन—हलवा, पूरी-सब्जी, खीर, चटनी और मिठाई—परोसा। इसके साथ ही उन्होंने कन्याओं को उपहार भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर रघुवर दास ने कन्या पूजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्राचीन परंपरा नारीशक्ति के सम्मान और आराधना का संदेश देती है। उन्होंने बताया कि नवरात्र में शक्ति की उपासना करते हुए समाज में महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान के लिए सजग रहना आवश्यक है। उनका मानना है कि दुर्गापूजा का असली सार तभी पूरा होता है जब हम अपनी शक्ति का उपयोग नारीशक्ति के उत्थान और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए करें।

पूर्व मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर झारखंड के समस्त परिवार और देशवासियों के लिए सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की। उन्होंने यह भी साझा किया कि उनकी आस्था शीतला माता के प्रति गहरी है और मां दुर्गा सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें।

कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी के विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, पवन अग्रवाल, कमलेश सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, राकेश सिंह, प्रेम झा, संतोष कुमार, रमेश विश्वकर्मा, नीरज सिंह, सुभाष मुखी, ज्ञान सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.