विधायक पूर्णिमा साहू ने टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक से की वार्ता

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को और अधिक मजबूत व सुचारू बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू ने सोमवार को टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक आर.के. सिंह से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की और विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
इस अहम बैठक में विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सभी सात मंडलों के भाजपा अध्यक्ष भी उपस्थित रहे। वार्ता के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने टाटा कमांड एरिया में बिजली, पेयजल, सड़क, साफ-सफाई सहित मूलभूत नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को बेहतर और समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, जिसके लिए संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और सतत निगरानी आवश्यक है।
बैठक के दौरान विभिन्न मंडल अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में टाटा अधीन इलाकों से जुड़ी समस्याओं को लेकर मांगपत्र सौंपा और जमीनी स्तर पर आ रही परेशानियों से महाप्रबंधक को अवगत कराया।
इस पर टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक आर.के. सिंह ने अपने अधिकारियों के साथ सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को और अधिक प्रभावी व बेहतर बनाने की दिशा में टाटा स्टील यूआईएसएल लगातार कार्यरत है और भविष्य में भी इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, मंडल अध्यक्ष युवराज सिंह, रंजीत सिंह, विकास शर्मा, रितेश झा, कुमार अभिषेक, बापन बनर्जी एवं अशोक सामंत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.