Adityapur : बिहार के भोजपुर में भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर के विरोध की गूंज झारखंड के आदित्यपुर तक पहुंच गई। रविवार को आदित्यपुर के रोड नंबर-19 स्थित क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भरत तिवारी का एनकाउंटर फर्जी एवं राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बिहार पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि न्याय के नाम पर निर्दोष लोगों की हत्या नहीं होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे सच्चाई सामने आएगी और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
विरोध-प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए माहौल गरमाया रहा। हालांकि, कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।








