Jamshedpur : जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी ने नगर परिषद क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की वर्तमान व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो नगर क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की समस्या गंभीर रूप ले सकती है।
पार्षद अनिल मोदी ने बताया कि शिव घाट के समीप स्थित डंपिंग यार्ड पहले पूरी तरह भर जाने के कारण डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रभावित हो गया था। बाद में डंपिंग यार्ड को व्यवस्थित किए जाने के बाद कचरा उठाव दोबारा शुरू हुआ, लेकिन मौजूदा स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि शीघ्र कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो डंपिंग यार्ड फिर भर जाएगा और पूरे नगर क्षेत्र में कचरा संग्रहण व्यवस्था ठप हो सकती है।
उन्होंने कहा कि जुगसलाई की बढ़ती आबादी और प्रतिदिन निकलने वाले ठोस कचरे की मात्रा को देखते हुए नगर परिषद क्षेत्र में आधुनिक सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट (Solid Waste Processing Plant) की स्थापना समय की आवश्यकता है। साथ ही, जब तक यह संयंत्र स्थापित नहीं हो जाता, तब तक कचरा संग्रहण के लिए वैकल्पिक डंपिंग स्थल अथवा अन्य उपयुक्त व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इस संबंध में अनिल मोदी ने झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को पत्र लिखकर जुगसलाई में शीघ्र कचरा निष्पादन केंद्र स्थापित करने तथा वैकल्पिक डंपिंग व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने अपने पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान तथा उपाध्यक्ष अर्चना दुबे को भी प्रेषित की है, ताकि इस जनसमस्या के समाधान के लिए समन्वित पहल की जा सके।
पार्षद अनिल मोदी ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और स्थानीय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने इस दिशा में शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।








