Jamshedpur: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के प्रतिनिधियों तथा अधिवक्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला जज अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली और संस्थागत संस्कृति का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने न्यायिक पदाधिकारियों एवं न्यायालय कर्मियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश है।

उन्होंने लोगों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने की अपील करते हुए पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने न्याय सदन परिसर में पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे अभियान न केवल हरित वातावरण के निर्माण में सहायक होते हैं, बल्कि पर्यावरणीय जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकार मित्रों (पीएलवी) ने विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। अभियान के तहत सैकड़ों छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लेते हुए शपथ भी ग्रहण की।
इधर, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला बार संघ की ओर से व्यवहार न्यायालय परिसर में अधिवक्ता बलवंत सिंह के सौजन्य से सैकड़ों फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पौधारोपण के माध्यम से सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।









