चार माह से राशन नहीं मिलने पर भड़के कार्डधारी, काशीडीह में पीडीएस डीलर का घेराव

SHARE:

Potka : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली पंचायत के काशीडीह गांव में राशन नहीं मिलने से नाराज कार्डधारियों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। करीब 450 की संख्या में पहुंचे लाभुकों ने पीडीएस दुकान का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय पीडीएस डीलर ललिता खंड पातर पिछले चार महीनों से कार्डधारियों से फिंगरप्रिंट लेने के बावजूद राशन वितरण नहीं कर रही हैं। लाभुकों के अनुसार, हर बार फिंगरप्रिंट लेने के बाद उन्हें अगले दिन आने को कहा जाता है, लेकिन बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद राशन नहीं दिया जाता।

गुरुवार को भी जब कार्डधारी खाद्यान्न लेने दुकान पहुंचे, तो फिर से फिंगरप्रिंट देने को कहा गया। इस पर लोगों का धैर्य टूट गया और उन्होंने मौके पर ही विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए और दुकान का घेराव कर दिया।

सूचना मिलते ही प्रभारी मुखिया काजल बारीक, पंचायत समिति सदस्य देवेंद्र महतो और भाजपा नेता मनोज सरदार मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। जनप्रतिनिधियों ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) से बात कर मामले से अवगत कराया।

Leave a Comment