Jamshedpur : शहर में बढ़ते अपराध एवं नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार को मानगो थाना परिसर में शांति समिति एवं पुलिस समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध लोग शामिल हुए।
बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ऋषभ त्रिवेदी ने उपस्थित लोगों से क्षेत्र में बढ़ते अपराध, नशे के कारोबार और अन्य अवैध गतिविधियों को लेकर सुझाव एवं शिकायतें सुनीं। इस दौरान नागरिकों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए तथा विभिन्न इलाकों में संचालित अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस के साथ साझा की।
एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने कहा कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में आम जनता और शांति समिति के सदस्यों के साथ संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि स्थानीय स्तर पर अपराध और नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनसहयोग प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि बैठक में प्राप्त सभी सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से दर्ज किया गया है। जिन स्थानों पर अवैध गतिविधियों की जानकारी मिली है, वहां पुलिस शीघ्र कार्रवाई करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराधियों और नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाकर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि, नशे के कारोबार या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जनसहयोग से ही सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है।








