धुसरा गांव में पांच माह से बंद पड़ा जलमीनार, ग्रामीण झेल रहे पेयजल संकट

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के पटमदा प्रखंड अंतर्गत धुसरा गांव के डोगागरल सबर टोला में डीएमएफटी फंड से निर्मित जलमीनार बीते पांच माह से खराब पड़ा है। जलमीनार की मोटर और अन्य तकनीकी उपकरणों में खराबी के कारण पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे लगभग 50 परिवारों को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ रहा है।



स्थानीय ग्रामीणों – आरेन सबर, संतोष सबर, धनंजय सबर और शुरुवाली सबर ने बताया कि यह जलमीनार पहले भी लंबे समय तक खराब था, जिसे करीब एक वर्ष पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के हस्तक्षेप से मरम्मत कर चालू किया गया था। लेकिन वर्तमान में यह फिर से अनुपयोगी हो चुका है और ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों के लिए पानी जुटाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



स्थिति की गंभीरता को देखते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पटमदा प्रखंड कोषाध्यक्ष हरिहर सिंह ने मंगलवार को स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे इस समस्या को जल्द ही प्रखंड विकास पदाधिकारी और स्थानीय विधायक के समक्ष रखेंगे।



फिलहाल ग्रामीण गांव के एक पुराने कुएं से पानी लाकर किसी तरह अपना काम चला रहे हैं। बरसात के मौसम में जलजन्मित बीमारियों के खतरे को देखते हुए यह स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलमीनार की अविलंब मरम्मत कराने की अपील की है, ताकि उन्हें बुनियादी सुविधा के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें