New Delhi : भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के माहौल में पाकिस्तान ने एक संकटग्रस्त भारतीय विमान को अपने हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। यह घटना 21 मई को उस समय हुई जब दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E2142 अचानक ओलावृष्टि और खराब मौसम की चपेट में आ गई।

सूत्रों के अनुसार, अमृतसर के आसमान में खराब मौसम के चलते इंडिगो के पायलट ने लाहौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से अनुरोध किया कि उन्हें पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से होकर गुजरने की अस्थायी अनुमति दी जाए ताकि वह तूफानी क्षेत्र से बच सकें। लेकिन पाकिस्तान की ओर से इस अनुरोध को सख्ती से खारिज कर दिया गया।

फ्लाइट में तृणमूल कांग्रेस के सांसदों समेत 220 से अधिक यात्री सवार थे। अचानक आई तेज आंधी, ओले और वायुमंडलीय झटकों के चलते विमान को आपात स्थिति घोषित करनी पड़ी। पायलट ने श्रीनगर हवाई अड्डे को तुरंत सूचित किया और विमान को सुरक्षित उतार लिया गया।

इस पूरे मामले की जांच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा की जा रही है। शुरुआती जानकारी में यह सामने आया है कि विमान को पाकिस्तान से अनुमति नहीं मिलने के कारण खराब मौसम में ही उड़ान जारी रखनी पड़ी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ।

भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में बढ़े तनाव के चलते दोनों देशों ने एक-दूसरे की एयरलाइनों के लिए अपने-अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए हैं। यह घटना इस तनाव की सीधी परिणति मानी जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि फ्लाइट 6E2142 ने खराब मौसम का सामना करते हुए श्रीनगर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री सुरक्षित हैं।











