Novamundi : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार सुबह बालाजी सुखचैन मोड़ के पास करीब 17 से 18 हाथियों का झुंड देखा गया। झुंड में छोटे हाथियों के बच्चे भी शामिल थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ समय से हाथियों का यह झुंड नोवामुंडी प्रखंड के विभिन्न इलाकों में घूमता दिखाई दे रहा है। हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल है। झुंड में हाथियों के बच्चे होने के कारण लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।
ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों को देखने के लिए उनके करीब न जाएं। उन्हें घेरने, भगाने या शोर मचाकर परेशान करने की कोशिश न करें। हाथियों के रास्ते में बाधा डालना भी खतरनाक हो सकता है। खासकर हाथियों के झुंड के साथ फोटो या वीडियो बनाने के लिए नजदीक जाना जानलेवा साबित हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही से जान-माल को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में वन विभाग को स्थिति की जानकारी देकर आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है, ताकि ग्रामीणों के साथ-साथ वन्यजीवों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।
ग्रामीणों से आग्रह किया गया है कि हाथियों का झुंड दिखाई देने पर सुरक्षित स्थान पर रहें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। सतर्कता और सुरक्षित दूरी बनाए रखकर संभावित हादसों से बचा जा सकता है।

















