Ranchi : रांची जिले के समाजसेवी पिंटू सिंह, संतोष सिंह, मुन्ना सिंह और निपु सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचकर उनकी दिवंगत माता स्वर्गीय रूपी सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और शोक संवेदना व्यक्त की।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद समाजसेवियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की और इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
हेमंत सोरेन के सेवा भाव की सराहना
इस अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं झारखंड अगेंस्ट करप्शन के केंद्रीय संगठन मंत्री निपु सिंह ने कहा कि हेमंत सोरेन संस्कार और विचारों से समृद्ध व्यक्तित्व के धनी हैं। उन्होंने कहा कि मातृशोक की इस कठिन घड़ी में भी मुख्यमंत्री अपने सरकारी दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। साथ ही, नेमरा जैसे छोटे से गांव में रहकर दूर-दूर से श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और किसी को निराश नहीं कर रहे हैं।
निपु सिंह के अनुसार, मुख्यमंत्री का यह व्यवहार उनके धैर्य, साहस और सेवा भाव को दर्शाता है।
इस मौके पर उपस्थित सभी समाजसेवियों ने स्वर्गीय रूपी सोरेन की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

















