Gua : घाटी पहाड़ी स्थित मां वन देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में मनाया जा रहा है। मंदिर समिति के संरक्षक साधु चरण सिद्धू और अध्यक्ष गंगा सिद्धू के नेतृत्व में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जा रही है। मंदिर में प्रतिदिन सुबह-शाम आरती के साथ श्रद्धालु माता की आराधना कर रहे हैं।
गुरुवार को नवरात्र के पंचम दिन मां स्कंदमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ माता की आराधना कर क्षेत्र के आसपास के गांवों, गुवा बाजार और मंदिर समिति के सभी सदस्यों के स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। साथ ही मां दुर्गा के नौ स्वरूपों से सभी के जीवन में सुख-शांति और खुशहाली की प्रार्थना की गई।
मंदिर समिति के अनुसार, 18 अक्टूबर को अष्टमी के अवसर पर मां महागौरी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच चूड़ा-गुड़ का वितरण किया जाएगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष गंगा सिद्धू मां महागौरी को साड़ी अर्पित कर माता का श्रृंगार करेंगी।
19 अक्टूबर को नवमी के अवसर पर मंदिर में नौ कन्याओं का पूजन किया जाएगा। इस दौरान नौ कन्याओं को नए वस्त्र पहनाए जाएंगे। समिति सदस्य मीना दास कन्याओं का श्रृंगार कर उन्हें तिलक लगाएंगी।
इसके साथ ही मंदिर समिति की ओर से क्षेत्र के गांवों के दिउरियों को लुंगी, धोती और गमछा प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। नवमी के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं के लिए महाभोग भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।
मंदिर समिति ने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन के माध्यम से समिति को कुर्सियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे दुर्गा पूजा और चैती नवरात्र जैसे धार्मिक आयोजनों के दौरान मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बैठने की सुविधा मिलेगी।
मंदिर समिति की ओर से नवरात्र के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों और सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी सौहार्द की कामना की जा रही है।
















