उधवा: शुक्रवार को नवनियुक्त चौकीदारों ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण किया। जहां औपचारिक रूप से योगदान देने के बाद इन चौकीदारों ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था, ग्राम सुरक्षा और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जयंत कुमार तिवारी ने सभी नए चौकीदारों का स्वागत किया और उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार, सतर्क एवं जनहितकारी दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि चौकीदार ग्रामीण प्रशासन की सबसे निचली इकाई का महत्वपूर्ण अंग होते हैं। वे गांवों में सुरक्षा, शांति और प्रशासनिक सूचनाओं का सेतु बनने का कार्य करते हैं।
जहां स्थानीय स्तर पर अपराध नियंत्रण, सरकारी योजनाओं की निगरानी, सामाजिक विवादों की सूचना देना और त्वरित सूचना प्रणाली में चौकीदारों की भूमिका अत्यंत अहम होती है। वही प्रखंड प्रशासन का मानना है कि इन नवनियुक्त चौकीदारों के योगदान से उधवा प्रखंड की कानून व्यवस्था और जनसंपर्क प्रणाली में नई ऊर्जा आएगी। जहां प्रखंड प्रशासन ने विश्वास जताया कि नई चौकीदार टीम अपने क्षेत्र में न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में भी सहयोगी भूमिका निभाएगी। उधर कार्यभार ग्रहण के बाद चौकीदारों ने कहा कि वे पूरी निष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। वही उन्होंने यह भी कहा कि गांवों में किसी भी अवैध गतिविधि, विवाद या सामाजिक समस्या की सूचना समय पर प्रशासन तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।









