Jamshedpur : पोइला वैशाख के पावन अवसर पर हरिवंश नगर स्थित तारा पब्लिक स्कूल में नये भवन का शुभारंभ वैदिक विधि-विधान के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान पंडित दिलीप पंडा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन कराया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
विद्यालय के प्राचार्य कमलेश कुमार मिश्र ने समारोह को संबोधित करते हुए बताया कि अब से स्कूल की सभी कक्षाएं नये भवन में संचालित की जाएंगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ग्रीष्मावकाश के बाद भवन के प्रथम तल पर भी कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर पूनम लाल, सलाहकार डॉ. अरविन्द कुमार लाल सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति रही। सभी ने नये भवन के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं उपस्थित लोगों ने संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।











