जादुगोड़ा पहुंचा राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का आठ सदस्यीय दल, मेचुआ-इचरा में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST), भारत सरकार की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा के नेतृत्व में आयोग के आठ सदस्यीय दल ने बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के जादुगोड़ा क्षेत्र का दौरा किया। दल ने मेचुआ, इचरा समेत आसपास के विभिन्न क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर स्थानीय जनजातीय समुदाय और प्रभावित ग्रामीणों से संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, शिकायतों और मांगों को आयोग के समक्ष रखा। आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

आयोग के दौरे का उद्देश्य जनजातीय समुदाय के अधिकारों एवं हितों की स्थिति का जायजा लेने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी लेना बताया गया है। इस दौरान आयोग के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर जमीनी स्तर की समस्याओं को समझने का प्रयास किया।

10 सितंबर को UCIL की समीक्षा बैठक

दौरे के क्रम में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग द्वारा गुरुवार, 10 सितंबर को यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में जनजातीय समुदाय से जुड़े विभिन्न विषयों, क्षेत्रीय समस्याओं और संबंधित मामलों पर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा एवं चर्चा की जाएगी।

आयोग के निरीक्षण दल में उप सचिव मनोहर एन. सुकोले, सहायक निदेशक पी.के. दास, निजी सचिव कुशेश्वर साहू, विधिक सलाहकार राहुल यादव, अन्वेषक रूहुल बागड़ी, वरिष्ठ अन्वेषक सोनल राज, अन्वेषक रिया राजपूत तथा निजी सहायक विवेक कुमार शामिल रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें