नशा मुक्त जमशेदपुर के संकल्प के साथ दौड़े हजारों युवा, भाजयुमो ने किया “नमो युवा रन” का आयोजन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुरप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत रविवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर ने सैक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल से “नमो युवा रन” मैराथन का भव्य आयोजन किया। इस अवसर पर हजारों युवाओं ने नशा मुक्त और अपराध मुक्त जमशेदपुर का संकल्प लेते हुए उत्साह और जोश के साथ 5 किलोमीटर दौड़ पूरी की। 

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने हरी झंडी दिखाकर किया। उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद और महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा मौजूद रहे।

मैराथन दौड़ सीएच एरिया और साईं मंदिर मार्ग होते हुए पुनः कॉन्वेंट स्कूल परिसर में समाप्त हुई। महिला वर्ग में निशा कुमारी साह प्रथम, चैना कुमारी द्वितीय और नंदिनी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं पुरुष वर्ग में अर्जुन टुडू ने पहला, बबलू टुडू ने दूसरा और अनुपम महतो ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को 11 हजार, 75 सौ और 51 सौ रुपये नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी दी गई।

मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने सेवा शिविर लगाए, जहां प्रतिभागियों को पानी, नाश्ता और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। सभी धावकों को पहचान स्वरूप टी-शर्ट भी प्रदान की गई।

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा – “नमो युवा रन सिर्फ एक दौड़ नहीं, बल्कि यह युवाओं की ऊर्जा, देशभक्ति और स्वस्थ भारत के सपने को साकार करने का प्रयास है। जब युवा फिट रहेंगे तभी भारत मजबूत बनेगा।”

सांसद विद्युत वरण महतो ने इसे “फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया अभियान को गति देने वाला आयोजन” बताया।
डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा – “हजारों युवाओं का एक साथ दौड़ना राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश देता है।”

भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने युवाओं से नशा मुक्त समाज बनाने का आह्वान किया, जबकि भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने बताया कि “नमो युवा मैराथन जमशेदपुर समेत देशभर के 75 स्थानों पर एक साथ आयोजित हुआ है।”

इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और शहरवासी मौजूद रहे। आयोजन को लेकर युवाओं में जोश और ऊर्जा देखते ही बन रही थी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें