मुर्गापाड़ा पंचायत में मलेरिया रोधी जागरूकता अभियान, 87 ग्रामीणों ने लिया भाग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : स्वास्थ्य विभाग एवं टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित प्रोजेक्ट जागृति के तहत मुर्गापाड़ा पंचायत में मलेरिया रोधी जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया पार्वती किडो ने की। इस अवसर पर पंचायत के 87 पुरुष, महिलाएं एवं बच्चों ने भाग लेकर मलेरिया से बचाव और स्वच्छता संबंधी जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक करना, मच्छरों के प्रजनन को रोकने के उपायों की जानकारी देना तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना था। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने मलेरिया के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही घरों और आसपास जलजमाव नहीं होने देने, नियमित साफ-सफाई रखने तथा मच्छरदानी के नियमित उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।

मुखिया पार्वती किडो ने कहा कि मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वच्छता सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही मलेरिया मुक्त समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी सरिता बारजो, उपमुखिया सुमन मुंडा, एएनएम अनिमा मिंज, एलिजाबेथ मांझी, सहिया सुमित्रा मांझी, निशा सैंडिल, सरिता मुंडा, गीता लागूरी एवं अनिल लिमाई सहित कई स्वास्थ्यकर्मी और ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से आशीष कुमार महतो, समीर गोप और प्रवीण कुमार ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अपने गांव एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, मच्छरों के प्रजनन को रोकने तथा मलेरिया से बचाव के उपाय अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि मलेरिया मुक्त समाज के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें