हरिना मेला की तैयारियों को लेकर दूसरी समीक्षा बैठक संपन्न, शराब बिक्री और बुगी-बुगी डांस पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Potka : रोजो संक्रांति के अवसर पर मुक्तेश्वर धाम हरिना में आयोजित होने वाले पारंपरिक हरिना मेला के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर बुधवार को मंदिर परिसर सभागार में दूसरी तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार रजवार ने की। इससे पूर्व 2 जून को पोटका विधायक संजीव सरदार की अध्यक्षता में पहली बैठक आयोजित की गई थी, जबकि 10 जून को एक और बैठक कर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में जादूगोड़ा सर्किल इंस्पेक्टर प्रवेश चंद्र सिन्हा, बीपीआरओ मनोज कुमार, अंचल निरीक्षक, कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव, जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा, आबकारी इंस्पेक्टर रामदास भगत सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं मंदिर समिति की ओर से मुख्य पुजारी सह ग्राम प्रधान बजरंकन दंडपात, मुखिया सरस्वती मुर्मू, पिंटू नायक एवं अन्य सदस्य शामिल हुए।

बैठक से पूर्व डीएसपी रोहित कुमार रजवार ने मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के पड़ाव स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, वाहन पार्किंग, दुकानों की व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी बिंदुओं का जायजा लिया। इसके बाद मंदिर समिति एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मेला अवधि के दौरान पांच दिनों तक यात्री बसों का आवागमन मेला क्षेत्र से बंद रहेगा। बसों को वैकल्पिक बाईपास मार्ग से संचालित किया जाएगा। वहीं बाइक राइडर्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और उन्हें निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करना होगा। मेला क्षेत्र के दोनों छोर पर बैरियर लगाकर यात्री वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

मंदिर समिति द्वारा एक बार फिर मेला परिसर में शराब बिक्री और बुगी-बुगी डांस कार्यक्रम पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग दोहराई गई, जिस पर प्रशासन ने सहमति जताते हुए सख्ती से प्रतिबंध लागू करने का निर्णय लिया।

डीएसपी रोहित कुमार रजवार ने कहा कि हरिना अब पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहा है और इसे राजकीय मेला का दर्जा दिलाने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं। ऐसे में सभी की जिम्मेदारी है कि मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हो। उन्होंने मेला संचालन में लगे सभी स्वयंसेवकों को पहचान पत्र जारी करने का सुझाव भी दिया।

बैठक में दीपांकर सीट, सागर सीट, सूरज नायक, सीतांश नायक, अनिरुद्ध नायक, छोटू दास, अमल सीट, दीपक नायक, दीपक सीट, पूर्ण चंद्र नायक और हरे कृष्ण नायक सहित कई लोग उपस्थित रहे।


हरिना मंदिर के मुख्य पुजारी सह ग्राम प्रधान बजरंकन दंडपात ने आम लोगों से मेला के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा मेला में दुकानदारों से अवैध वसूली के लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व मेला की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ऐसे लोगों की मंशा कभी सफल नहीं होगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से मेला की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें