Ranchi : जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगल कालिंदी ने बुधवार को रांची स्थित विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में अत्याधुनिक सुविधायुक्त फायर ब्रिगेड सबस्टेशन की स्थापना की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की जरूरतों और जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा।
ज्ञापन में विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में हाल के वर्षों में अगलगी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। यह क्षेत्र घनी आबादी के साथ-साथ महत्वपूर्ण व्यावसायिक केंद्र भी है, जहां छोटी-सी आगजनी की घटना भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है।
विधायक ने कहा कि जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में फायर ब्रिगेड स्टेशन नहीं होने के कारण आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल वाहनों को अन्य क्षेत्रों से पहुंचना पड़ता है। इससे घटनास्थल तक पहुंचने में विलंब होता है और तब तक लोगों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ती है। कई मामलों में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो चुकी है।
मंगल कालिंदी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जनहित और आपदा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस फायर ब्रिगेड सबस्टेशन का जल्द निर्माण कराया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि सबस्टेशन के निर्माण से पूर्व अंतरिम व्यवस्था के तौर पर कम से कम दो दमकल वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
विधायक ने कहा कि फायर ब्रिगेड सबस्टेशन की स्थापना से क्षेत्र के हजारों लोगों को सुरक्षा मिलेगी तथा आगजनी जैसी घटनाओं में जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।









