Patamda:खेल के मैदान से समाज को समानता का मजबूत संदेश देते हुए मिक्स जेंडर विलेज क्रिकेट लीग 2026 का खिताब धनुर्धर दीपिका कुमारी एकादश ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने पर्वतारोही विनीता सोरेन एकादश को 36 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। यह टूर्नामेंट केवल क्रिकेट नहीं, बल्कि गांवों में बालक-बालिका समानता की सोच को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा।
टेस्ट-ट्वेंटी फॉर्मेट में खेले गए इस रोमांचक फाइनल में विनीता सोरेन एकादश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दीपिका एकादश ने पहली पारी में 5 ओवर में 60/2 का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जबकि जवाब में विनीता एकादश 45/4 तक ही पहुंच सकी। 15 रनों की बढ़त के साथ दूसरी पारी में दीपिका एकादश ने 49/2 का स्कोर बनाकर कुल 65 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए विनीता एकादश दबाव में बिखर गई और 5 ओवर में 28/5 ही बना सकी।
विजेता टीम की कप्तान पूजा महतो ने कहा कि अब गांव की लड़कियों को भी पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरना चाहिए। “हम भी अपने भाइयों की तरह क्रिकेट खेल सकते हैं—यह खिताब इसी विश्वास की जीत है,” उन्होंने कहा।
फाइनल मुकाबले में मिताली महतो को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं काशीनाथ महतो प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और बेस्ट बैटर रहे। वीणापानी को बेस्ट फील्डर, पूजा महतो को बेस्ट ऑलराउंडर और प्रकाश मंडल को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ पटमदा थाना प्रभारी कर्मपाल भगत, उपभोक्ता न्यायालय चाईबासा के जज राजीव कुमार और एसएस +2 उच्च विद्यालय के प्राचार्य मिथिलेश कुमार ने किया। सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार, अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर प्रज्ञा सिंह सहित अतिथियों ने विजेता-उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान किए।
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक कुणाल सारंगी ने कहा कि पटमदा-बोड़ाम जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में मिक्स जेंडर क्रिकेट के जरिए बच्चों का यह संदेश समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने निश्चय फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज की तस्वीर बदल सकते हैं।
आयोजन को सफल बनाने में बोड़ाम व पटमदा क्रिकेट कमिटी, निश्चय फाउंडेशन के स्वयंसेवक, वीपीआरए फाउंडेशन, स्थानीय विद्यालयों, अभिभावकों और दानदाताओं का अहम योगदान रहा। सभी ने भविष्य में भी खेलों के माध्यम से बालक-बालिका सहभागिता बढ़ाने का संकल्प दोहराया।









